जयपुर , मार्च 20 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ ने विपक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहाहै कि उसके पास कोई ठोस नीति, विचार या एजेंडा नहीं है और वह मुद्दा विहीन हैं।
श्री राठौड़ ने शुक्रवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष संसद और अन्य मंचों पर भी केवल और केवल हंगामा ही करता है तथा सार्थक चर्चा से बचता है। उन्होंने कहा कि आज देश का विपक्ष मुद्दा विहीन है और वह सत्ता पक्ष को घेरने की स्थिति में ही नहीं है। फिर चाहेवह केंद्र हो या राज्य में, विपक्ष सिर्फ और सिर्फ हंगामा करने तथा जनता को भ्रमित करने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सामान्य रूप से विपक्ष का कार्य पक्ष को जनहित के मुद्दों पर घेरने का होता है, वहीं पक्ष का काम विपक्ष के घेरे से सफलतापूर्वक बाहर निकलना होता है लेकिन यहां तो विपक्ष पक्ष को घेरने की स्थिति में नहीं है जबकि हमारे प्रवक्ता, पैनेलिस्ट, पार्टी पदाधिकारी, पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपना कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद में भी किसी भी विषय पर तर्क संगत बात नहीं करती और सिर्फ हंगामा करती है जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
श्री राठौड़ ने चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा सदैव चुनाव के लिए तैयार रहती है। चुनाव की तिथि घोषित करना निर्वाचन आयोग का कार्य है और जैसे ही आचार संहिता लागू होती है, पार्टी पूर्ण रूप से चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय हो जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित