वाराणसी , अगस्त 13 -- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत गुरुवार को वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

यात्रा का नेतृत्व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा नागरिक शामिल हुए।

श्री सिंह ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि युवा भारत का भविष्य ही नहीं, वर्तमान भी है और विकसित, आत्मनिर्भर तथा विश्वगुरु भारत के निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान, शान, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता सेनानियों, देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों, वैज्ञानिकों और खिलाड़ियों के योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

श्री सिंह ने कहा कि चंद्रयान, मंगलयान, जी-20 की सफल अध्यक्षता तथा अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की उपलब्धियों ने विश्व पटल पर देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मलदहिया और लहुराबीर होते हुए डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में पीएसी एवं पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच प्रतिभागियों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक कुमार तिवारी, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, सुनील कुमार पटेल, टी. राम, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित