चंडीगढ़ , अप्रैल 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के विशेष सत्र में कांग्रेस की अनुपस्थिति पर तीखा प्रहार करते हुए इसे राज्य के लोकतांत्रिक इतिहास का 'काला दिन' करार दिया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सदन से बाहर रहकर पार्किंग में समानांतर 'सत्र' आयोजित कर लोकतंत्र और विधानसभा की गरिमा का अपमान किया है।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने जिन्हें सदन में बहस के लिए भेजा, वे पार्किंग में 'परछाइयों से लड़ रहे हैं।' उन्होंने कांग्रेस पर नियमों और अध्यक्ष का सम्मान न करने का आरोप लगाया और कहा कि यह आचरण लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

श्री सैनी ने स्पष्ट किया कि सरकार का प्रस्ताव राजनीतिक नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, गरिमा और सशक्तिकरण को समर्पित है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक का उद्देश्य महिलाओं को समय पर33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना है, ताकि 2029 के आम चुनावों में इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत लाभार्थियों को छह किश्तें जारी की जा चुकी हैं और पात्र परिवारों का बीपीएल दर्जा बरकरार रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित