देवरिया , सितंबर 11 -- उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को यहां कहा कि उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था और विकास के मामले में देश का मॉडल राज्य बन चुका है।
श्री पाठक ने यहां कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के पिता की पुण्यतिथि में शामिल होने के बाद अपने संबोधन में कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगा, माफिया और पलायन वाले राज्य के रूप में थी लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमने उस छवि को बदला है। आज यूपी कानून-व्यवस्था का मॉडल राज्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत माफिया राज समाप्त किया गया है तथा अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों में महिलाएं शाम को घर से निकलने में संकोच करती थीं लेकिन आज प्रदेश में महिलाएं बिना डर-भय के रात में भी निकलती हैं। योगी सरकार ने महिला सुरक्षा के लिए 1090, एंटी रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति के माध्यम से शोहदों और बदमाशों को सबक सिखाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इसी सुदृढ़ कानून व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में मात्र 17 राजकीय मेडिकल कॉलेज थे। आज वर्तमान में 45 से अधिक राजकीय मेडिकल कॉलेज क्रियाशील हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया गया है। चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सेवानिवृत्त राजकीय चिकित्सकों की सेवाएं 70 वर्ष की आयु तक लिये जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित