रांची , मई 05 -- झारखंड के चतरा में एयर एंबुलेंस दुर्घटना के पीड़ितों के लिए न्याय की मांग को लेकर डॉ पार्थ पारितोष के नेतृत्व में आजसू पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात ज्ञापन सौंपा और पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुपालन के लिए पहल करने का अनुरोध किया।

डॉ पारितोष ने बताया कि मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि उक्त ज्ञापन को मुख्यमंत्री तथा राज्य सरकार तक अतिशीघ्र अग्रसारित किया जाएगा, ताकि इस गंभीर एवं संवेदनशील मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

डॉ परितोष ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी द्वारा इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। यह बात स्वर्गीय डॉ. विकास गुप्ता के पिता श्री बजरंगी प्रसाद जी ने अवगत कराई, जिन्होंने बताया कि लगभग 3 दिन पूर्व मंत्री जी से दूरभाष पर हुई बातचीत में भी यही बात कही गई थी। साथ ही, मंत्री डॉ अंसारी के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में भी इस आशय की बातें सामने आई हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे प्रकरण में स्पष्टता, जवाबदेही एवं त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में डॉ. अरुण कुमार, डी.पी. मिश्रा, स्वर्गीय डॉ. विकास गुप्ता के पिता श्री बजरंगी प्रसाद एवं उनके भाई सुभाष गुप्ता भी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित