आजमगढ़ , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एंटी करप्शन टीम ने सरायमीर थाने में तैनात एक दरोगा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा पर मुकदमे से नाम हटाने के बदले घूस मांगने का आरोप है।

एंटी करप्शन ट्रैप टीम प्रभारी संतोष कुमार दीक्षित के अनुसार सरायमीर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को गुरुवार को रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी अवनीश राय ने शिकायत की थी कि दरोगा मुकदमे से नाम निकालने के बदले एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। बाद में पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

शिकायत की पुष्टि होने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट देकर भेजा। जैसे ही अवनीश राय ने थाने में दरोगा को रुपये दिए और आरोपी ने नोट हाथ में लिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के हाथ धुलवाने पर केमिकल के कारण रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। एंटी करप्शन टीम आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित