आजमगढ़ , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिले को संवेदनशीलता के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में विभाजित कर सुरक्षा का विस्तृत खाका तैयार किया गया है, ताकि नागरिक निर्भय होकर रंगोत्सव मना सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनपद में 3593 स्थानों पर होलिका दहन प्रस्तावित है। इनमें 194 स्थलों को अतिसंवेदनशील, 186 को संवेदनशील तथा 3213 को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष पुलिस पिकेट तैनात की जाएगी। सभी स्थानों पर स्थानीय समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर शांति समिति की बैठकें पूर्ण कर ली गई हैं।

होली के अवसर पर निकलने वाले 14 प्रमुख जुलूसों के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। साथ ही 247 संवेदनशील स्थानों (हॉटस्पॉट) को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इन क्षेत्रों में सादे कपड़ों में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पर्व के मद्देनजर जिले में कुल 3650 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें 2300 पुलिसकर्मी तथा 1350 होमगार्ड एवं पीआरडी जवान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 50 थाना मोबाइल, 6 सर्किल मोबाइल तथा 2 कंपनी पीएसी को मुस्तैद रखा गया है। मुख्यालय से 300 अतिरिक्त पुलिस बल विभिन्न सर्किलों में आरक्षित किया गया है।

डायल-112 वाहनों के रूट चार्ट को संक्षिप्त कर रिस्पॉन्स टाइम कम करने की व्यवस्था की गई है। आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन दल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को फैलने से रोका जा सके।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित