आजमगढ़ , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में 'सेक्टर मजिस्ट्रेट' लिखी एक स्कॉर्पियो ने घर लौट रहे छोले विक्रेता को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस के अनुसार जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत अजमतगढ़ चौक के समीप गोगा साव तिराहे पर हरेंद्र सोनकर ठेले पर छोले बेचकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य बताया गया है।

सीसीटीवी फुटेज में वाहन की तेज रफ्तार और टक्कर की पूरी घटना स्पष्ट दिखाई दे रही है। पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो चालक भरत सिंह (निवासी भटौली इब्राहिमपुर) अपने परिवार के साथ मैहर मंदिर से मुंडन संस्कार कर लौट रहा था। वाहन पर 'सेक्टर मजिस्ट्रेट' का बोर्ड लगा पाया गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच और सरकारी सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस ने आरोपी चालक भरत सिंह को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित