आजमगढ़ , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के अनवरगंज स्थित पीडीए भवन में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य एवं पंचायत प्रतिनिधियों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव, राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव तथा पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल शासन और प्रशासन का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रहा है तथा विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर चुनावी लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पार्टी की सतर्कता से मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की कोशिशें विफल हुई हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक संघर्ष जारी रहेगा।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए महंगाई, बेरोजगारी और निवेश के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने प्रदेश में निवेश के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि पिछले वर्षों में बड़े निवेश जमीनी स्तर पर नहीं दिखे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की। बैठक में सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक आलमबदी आजमी, डॉ. संग्राम यादव, अखिलेश यादव (विधायक), नफीस अहमद, डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, बेचई सरोज, पूजा सरोज, कमलाकांत राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित