आजमगढ़ , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के अहरौला क्षेत्र में बैंक कर्मचारियों द्वारा एक ग्रामीण के खाते से 6.50 लाख रुपये गबन करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अहरौला थाना क्षेत्र के गोपालगंज स्थित बड़ौदा यूपी बैंक शाखा में हुए इस गबन मामले में तत्कालीन कैशियर राहुल कुमार को अतरौलिया कस्बे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मूल रूप से मेरठ जिले के गंगानगर क्षेत्र का निवासी है।
उन्होने बताया कि ग्राम व्योहरा निवासी पीड़ित पुनवासी विश्वकर्मा ने 22 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि बैंक कर्मचारियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके खाते से अलग-अलग तिथियों में 6.50 लाख रुपये निकाल लिए। जांच में कैशियर राहुल कुमार के साथ शाखा प्रबंधक महेश कुमार और असिस्टेंट मैनेजर कुनाल पंत की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई, जिसके आधार पर तीनों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित