आजमगढ़ , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे के तीन दिन बाद ही एक बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने संपत्ति विवाद में जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेश प्रताप पांडे ने बताया कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह हरिजन बस्ती में शनिवार सुबह 80 वर्षीय श्यामलाल और उनकी 70 वर्षीय पत्नी बसंता देवी अपने कमरे में मृत पाए गए। पारिवारिक जानकारी के अनुसार श्यामलाल के चार पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी की शादी हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले ही बुजुर्ग दंपती ने परिवार के सदस्यों को बैठाकर अपनी जमीन का बंटवारा किया था।

मृतक दंपती की बेटी ने आरोप लगाया कि बंटवारे से बड़ा बेटा और उसकी पत्नी संतुष्ट नहीं थे। बंटवारे के अगले दिन दोनों का बुजुर्ग दंपती से विवाद भी हुआ था। बताया गया कि शुक्रवार रात श्यामलाल और बसंता देवी भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह छोटी बहू जब चाय देने पहुंची तो दोनों को बिस्तर पर अचेत अवस्था में पाया। पास जाकर देखने पर उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दंपती की बेटी ने अपनी बड़ी भाभी पर माता-पिता को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

क्षेत्राधिकारी भूपेश प्रताप पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया विषाक्त पदार्थ सेवन से मौत की आशंका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। तहरीर और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित