आजमगढ़ , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सरकारी दस्तावेजों में कूटरचना और फर्जीवाड़े के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने वाले नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के एक आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी डिजिटल हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण पत्र तैयार करता था, जिनका उपयोग राशन कार्ड सहित अन्य सरकारी अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के लिए किया जाता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना मुबारकपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म एवं मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह की तहरीर पर 12 जुलाई को मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका के अभिलेखों में दर्ज नहीं था, बल्कि कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर लगाकर उसे कूटरचित तरीके से तैयार किया गया था।

पुलिस विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और वायरल ऑडियो की जांच में खुलासा हुआ कि विदेश में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने भतीजे अब्दुल करीम के माध्यम से नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद पुत्र जफर अहमद से संपर्क किया था। आरोपी ने आवश्यक दस्तावेज और धनराशि लेकर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उपलब्ध कराया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने फर्जी डिजिटल हस्ताक्षरों का उपयोग कर सरकारी दस्तावेज तैयार किए थे। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को मुबारकपुर के रोडवेज तिराहे से पुलिस ने आरोपी खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पैसे के लालच में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने की बात स्वीकार कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित