आजमगढ़ , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के निजामाबाद में कूटरचित दस्तावेजों के सहारे शस्त्र लाइसेंस और सरकारी लाभ हासिल कराने के मामले में पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया है। पुलिस टीम ने मुंबई में दबिश देकर 42 वर्षीय इबराक खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 32 बोर की रिवाल्वर, 33 जिंदा कारतूस, दो खोखे समेत आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद हुए हैं। जांच में बाहरी लोगों को गांव का निवासी दर्शाकर फर्जी अभिलेख तैयार कराने और शस्त्र लाइसेंस दिलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रथम दृश्य आरोपी को बांदा जिले का निवासी होना बताया है । पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना पुलिस ने कूटरचित अभिलेखों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस और अन्य सरकारी लाभ हासिल करने के मामले में मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम मिर्जापुर निवासी मिर्जा अयाज बेग और उसके सहयोगियों पर बाहरी लोगों को गांव का निवासी दर्शाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और उनके आधार पर सरकारी सुविधाएं दिलाने का आरोप है।
इसी मामले में दर्ज मुकदमे में नामजद मो. इबराक खान वर्तमान में मुंबई के ओशिवरा क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस टीम ने मुंबई पुलिस के सहयोग से एक अक्टूबर को उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 32 बोर की एक रिवाल्वर, 33 जिंदा कारतूस, दो खोखे, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि इबराक के नाम वर्ष 2010 में ग्राम मिर्जापुर के पते पर शस्त्र लाइसेंस संख्या 315/2010 जारी हुआ था। इसके लिए जूनियर हाईस्कूल का स्थानांतरण प्रमाण-पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल समेत कई अभिलेख कूटरचित होने की जानकारी सामने आई है। इसी तरह शाहिद मोहम्मद खान के नाम भी वर्ष 2010 में मिर्जापुर के पते पर शस्त्र लाइसेंस जारी होने और उसमें फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की बात सामने आई है।
जांच में मिर्जा अयाज बेग की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार वह बाहरी लोगों को मिर्जापुर का निवासी दर्शाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने और शस्त्र लाइसेंस समेत अन्य सरकारी लाभ दिलाने में सहयोग करता था। उसके परिवार से जुड़े कुल आठ शस्त्र लाइसेंस होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित