आजमगढ़ , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह के पांच और सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मधुबन निवासी रूद्रान्श राय की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया था कि मुख्य आरोपी कृष्ण चन्द्र राय और उसके साथियों ने कोडर अजमतपुर स्थित एक जमीन को असली बताकर फर्जी नक्शा और कागजात दिखाए तथा किस्तों में भुगतान का लालच देकर करीब 33.30 लाख रुपये ठग लिए।

जांच में सामने आया कि संबंधित जमीन का बड़ा हिस्सा बंजर था और कागजों में दर्शाया गया गाटा संख्या वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता था। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाया और फर्जी मुकदमे में फंसाने की चेतावनी दी। इस मामले में मुख्य आरोपी कृष्ण चन्द्र राय को पुलिस पहले ही 8 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर चुकी थी। शेष आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में निरीक्षक रफी आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाग लखराव पुलिया के पास से घेराबंदी कर पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र कुमार (42), अभय कुमार (22), विजय कुमार (48), महेंद्र कुमार (40) और दीपक (54) शामिल हैं, जो सभी अजमतपुर कोडर क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ठगी की रकम विभिन्न तिथियों में उनके बैंक खातों में आई थी, जिसे निकालकर मुख्य आरोपी और उसके परिवार के साथ आपस में बांट लिया गया।

पुलिस अब मामले में बैंक लेनदेन की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित