आजमगढ़ , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस ने मंगलवार को एक ऐसे शातिर फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जो करीब 18 वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। वर्ष 2008 में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ 50 हजार रुपये का इनामी राकेश पाण्डेय उर्फ राजू मुंबई में ठिकाना बनाकर रह रहा था। दीपावली पर घर लौटना उसे भारी पड़ गया। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने उसे प्राइवेट बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार ने बताया कि 18 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राकेश पाण्डेय उर्फ राजू को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। वह वर्ष 2008 में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, देवगांव थाना क्षेत्र के खुरशु निवासी राकेश पाण्डेय उर्फ राजू पुत्र रामानन्द पाण्डेय को वर्ष 2004 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर जिला कारागार भेजा गया था। 29 अप्रैल 2008 को न्यायालय में पेशी के दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इस मामले में कोतवाली थाने में धारा 223/224 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित