आजमगढ़ , जून 2 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार अपराह्न एक तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मासूम बच्ची और डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही जरमजेपुर गांव के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 219.6 पर यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम को टक्कर मार दी। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस भीषण टक्कर में डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। हादसे में डीसीएम चालक शिवम कुमार शर्मा (35) निवासी सिकंदरा, कानपुर देहात और बच्ची नीरम (5) पुत्री सोनू निवासी चांदपुर, थाना दरगाह, जनपद बहराइच की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार अन्य छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद डीसीएम चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने तत्काल सभी छह घायलों को एंबुलेंस 108 की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित