आजमगढ़ , मई 03 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कार्य कर रही टीम ने प्रतिबंधित पशु वध मामले का सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के दौरान आज एक शातिर आरोपी को घायल होने के बाद गिरफ्तार किया है।

पुलिस क्षेत्र अधिकारी सदर आस्था जायसवाल के अनुसार बीती 1 मई 2026 को लोहरा चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि फखरुद्दीनपुर स्थित 'ग्रीन पैराडाइज ढाबा' के पीछे मिट्टी के टीले पर प्रतिबंधित पशु के अवशेष पड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए और पशु चिकित्सा विभाग को सूचित किया। इस मामले में गोवंशीय संरक्षण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान मऊ जिले के खैराबाद निवासी सलमान अहमद का नाम प्रकाश में आया। 3 मई की सुबह को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग स्थित एक बाग में छिपा है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में गोली सलमान के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित