आजमगढ़ , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में निजी क्षेत्र में पूर्वांचल का पहला सैनिक स्कूल इटौरा चंदेश्वर स्थित प्रो. बजरंग त्रिपाठी सैनिक स्कूल में शुक्रवार को प्रथम शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हुआ।
आजमगढ़ के इटौरा चंदेश्वर स्थित प्रो. बजरंग त्रिपाठी सैनिक स्कूल में प्रथम शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त विवेक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्वर्गीय प्रो. बजरंग त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण किया और कहा कि उन्हें पूर्वांचल का "महामना" कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रो. त्रिपाठी की दूरदृष्टि और शिक्षा के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि पूर्वांचल को पीपीपी मॉडल पर पहला सैनिक स्कूल मिला है, जो विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व क्षमता का विकास करेगा। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि यह संस्थान भविष्य में मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करेगा। उन्होंने छात्रों को मेहनत को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित