आजमगढ़ , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बरदह गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार अकबरी (38), पत्नी ताहिर, सुबह घर पर अकेली थी। उसके बेटे अमीर (16) और असद (8) स्कूल गए हुए थे। दोपहर करीब एक बजे जब दोनों बच्चे स्कूल से लौटे और मां को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। घर के अंदर पहुंचने पर उन्होंने अकबरी को रक्तरंजित अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देर शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतका का पति ताहिर मुंबई में लूम उद्योग में कार्य करता है और वहीं रहता है। अकबरी के तीन बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित