आजमगढ़ , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत अहरौला और तहबरपुर थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि अहरौला थाना क्षेत्र में पश्चिमपट्टी महलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध एक्सयूवी-500 वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दिलकस और साहिल घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद तहबरपुर थाना क्षेत्र के चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर हुई दूसरी मुठभेड़ में वाजिद और फैजान पुलिस कार्रवाई में घायल होकर पकड़े गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरेली जिले के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मिलकरोहदी निवासी दिलकस (21), रामनगर निवासी साहिल (22), फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के नगरिया कला निवासी वाजिद (23) तथा सुभाषनगर थाना क्षेत्र के रामगंगा निवासी फैजान (27) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 29,230 रुपये नकद, एक एक्सयूवी-500 वाहन, पांच मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हाईवे के किनारे वाहन खड़ा कर आसपास के गांवों में घरों की छत के रास्ते प्रवेश करते थे और ताला तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद सभी सदस्य पूर्व निर्धारित स्थान पर एकत्र होते और एसयूवी वाहन से फरार हो जाते थे।

पुलिस के मुताबिक गिरोह ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया और जौनपुर समेत अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला क्षेत्र की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो तथा अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।

एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरोह के चार अन्य सदस्य दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित