आजमगढ़ , सितंबर 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों का जायजा लेते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सभी सीटों पर भाजपा का कमल खिलेगा।

श्री चौधरी ने दुर्वासा धाम स्थित दुर्वासा ऋषि मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के पिता स्व. आद्या प्रसाद राय की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दुर्वासा मंदिर परिसर में आयोजित मंडल प्रवास कार्यक्रम के तहत मंडल कार्यसमिति और शक्ति केंद्र की बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन जनता के बीच रहकर सेवा करता है, इसलिए पार्टी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है।

मीडिया से बातचीत में सपा और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए श्री चौधरी ने उनकी चुनावी तैयारियों पर तंज कसा और कहा, "अखिलेश जी एसी से बाहर तो निकले हैं अब।" उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सभी सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एआई वीडियो के संबंध में पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने इसे सपा और अखिलेश यादव की हताशा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति के जरिए जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। श्री चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित