दुबई , सितम्बर 14 -- रविवार को दुबई में खेले गए महिला टी 20 एशिया कप फ़ाइनल के दौरान आईसीसी कोड ऑफ़ कंडक्ट तोड़ने के कारण भारत की तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ पर उनकी मैच फ़ीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

गौड़ को आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह लेवल 1 का अपराध है, जो "अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान किसी बल्लेबाज़ के आउट होने पर ऐसी भाषा, हरकत या इशारे करने से जुड़ा है जो अपमानजनक हों या जिनसे बल्लेबाज़ की आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती हो।" उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है; 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध है।

यह घटना श्रीलंका की पारी के शुरुआती ओवर में हुई। पहली ही गेंद पर, इमेशा दुलानी ने गौड़ की गेंद पर 'लैप शॉट' खेलकर बाउंड्री लगाई। तीन गेंद बाद, वही शॉट खेलने की कोशिश में वह आउट हो गईं। जोश से भरी गौड़ ने पवेलियन की ओर इशारा करके दुलानी को विदाई दी।

मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास द्वारा सज़ा का प्रस्ताव रखे जाने के बाद उन्होंने आरोप स्वीकार कर लिए, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं पड़ी।

स्लो ओवर-रेट के लिए पाकिस्तान पर जुर्मानाश्रीलंका के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल में स्लो ओवर-रेट बनाए रखने के कारण पाकिस्तान पर उनकी मैच फ़ीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। सेमीफ़ाइनल में 131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने 18.4 ओवर में जीत हासिल कर ली। समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद पाया गया कि पाकिस्तान निर्धारित समय में एक ओवर कम फेंक पाया था। चौथे अंपायर रबाब अहसान द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद कप्तान फ़ातिमा सना ने सज़ा स्वीकार कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित