जयपुर , मई 02 -- दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज काइल जैमीसन को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के ख़िलाफ मैच नंबर 43 के दौरान, खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए एक डिमेरिट पॉइंट मिला है और उन्हें चेतावनी दी गई है।

जैमीसन को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो "ऐसी भाषा, हरकतें या हाव-भाव इस्तेमाल करने से संबंधित है, जो किसी दूसरे खिलाड़ी का अपमान करते हों या उससे कोई आक्रामक प्रतिक्रिया भड़का सकते हों।"यह घटना पहली पारी के दूसरे ओवर में हुई, जब वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद, जैमीसन उनके बहुत करीब आ गए और आक्रामक तरीके से पेश आए, जिससे बल्लेबाज की ओर से कोई आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती थी।

जैमीसन ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सज़ा को स्वीकार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित