हरिद्वार , फरवरी 04 -- योग गुरु और पतंजलि के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रामदेव तथा महामंत्री आचार्य बालकृष्ण द्वारा स्थापित आवासीय विद्यालय आचार्यकुलम् में बुधवार को नवीन सत्र 2025-26 की कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का दीक्षारोहण वैदिक रीति के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर 12 कुण्डीय विशेष यज्ञ किया गया। जिसमें संबंधित कुल 49 बालकों व 41 बालिकाओं सहित कुल 90 विद्यार्थियों का दीक्षारोहण किया गया।

मंत्रोच्चारण के मध्य स्वामी रामदेव ने प्रत्येक क्रिया विधि की सरल व्याख्या की। सभी विद्यार्थियों को दीक्षारोहण की प्रतिज्ञा के साथ, आचार्यकुलम् से प्राप्त शिक्षा व संस्कारों को सर्वत्र प्रसारित करने का संकल्प दिलाया गया। तत्पश्चात स्वामी और आचार्य ने सभी को प्रतीक चिह्न भेंट किए और सुमन वृष्टि (पुष्प वर्षा) कर शुभाशीष प्रदान किया।

आचार्यकुलम् की उपाध्यक्षा डॉ ऋतंभरा शास्त्री 'बहनजी' व प्राचार्या स्वाति मुंशी ने भी विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ व शुभाशीष प्रदान किए।

इस दौरान, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ एनपी सिंह, आशु, पारुल, हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आर्य, भारत स्वाभिमान के मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश मित्तल, साधना व समर्पण के पर्याय संन्यासीवृंद, साध्वी बहनें, पतंजलि प्रोजेक्ट व इन्फ़्रा के सीईओ रवि पंडित, पतंजलि आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल यादव, पतंजलि कैरियर अकादमी के प्रमुख प्रदीप, आचार्यकुलम् के उप-प्राचार्य तापस, क्रीड़ाध्यक्ष व प्रधान छात्रपाल अमित, समन्वयिका दीपा सहित सभी आचार्य, कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित