भरतपुर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना थाना क्षेत्र में कोट गांव में शनिवार देर रात आग लगने से किसानों की तीन ट्रॉली बाजरे की कड़बी और दो कच्चे मकानों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेजी से फैली आग के बीच मकान में सो रहे एक व्यक्ति को भाग कर अपनी जान बचानी पड़ी। आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रात करीब दो बजे आग की उठती लपटें देख आसपास के लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को जानकारी दी। आग तेजी से फैली और पास के कच्चे मकानों तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने मशक्कत करके आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान सियाराम और अजब सिंह की तीन ट्रॉली बाजरे की कड़बी जल गई।
इसके अलावा दशरथ दयाल और विशम्बर दयाल के मकानों में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े, बिस्तर, खाट और इंजन समेत सारा घरेलू सामान भी राख हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित