औरंगाबाद , सितंबर 26 -- बिहार में औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र के मियांबिगहा में शनिवार तड़के एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई तथा एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान मियां बिगहा निवासी 50 वर्षीय मो. सलीम एवं गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के बुधपुर गांव निवासी मो. तोहिद की 18 वर्षीय पुत्री आफरीन परवीन के रूप में की गई है। दोनों मृतक आपस में फूफा - भतीजी थे। इस घटना में मृतका की 16 वर्षीय बहन चांदनी परवीन गंभीर रूप से झुलस गयीं है, जिसे विशेष उपचार के लिए गया रेफर किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि दोनों बहनें पिछले पांच-छह वर्षों से अपनी फुआ के घर मियां बिगहा में रह रही थीं।

ग्रामीण शदाब आलम के अनुसार, पारिवारिक विवाद को लेकर मो. सलीम और उनके बड़े पुत्र इश्तेखार के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते इश्तेखार ने घर में आग लगा दी, जिससे तीनों बुरी तरह झुलस गए। हालांकि, आग लगाने और घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आदित्य कुमार, रफीगंज सर्किल इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद, कासमा थानाध्यक्ष रुपेश कुमार मौके पर पहुंचे। कासमा पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित