अलवर , फरवरी 16 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के खुशखेड़ा में सोमवार को जिस फैक्ट्री में आग की घटना घटित हुई है उस समय वहां 16 श्रमिक काम कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक मनीष चौधरी ने बताया कि इनमें सात लोगों के शव बरामद हुए हैं और चार झुलस गये हैं। दो घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों के डीएनए सैंपल जांच के लिये प्राप्त कर लिये गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस घटना में सात मृतकों में से तीन की पहचान कर उनके डीएनए सैंपल ले लिए गए हैं । परिजनों से मैच करने के बाद उनके शव परिजनों को सुपुर्द किये जायेंगें ।श्री चौधरी ने बताया कि परिजनों की ओर से मामला दर्ज कराया गया है जिसकी विस्तृत जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में सुजांत पासवान, (मोतिहारी बिहार), मिंटू पासवान, (मोतिहारी), अजीत (मोतिहारी), रवि (मोतिहारी) श्याम (चंपारण), अमरेश (चंपारण) एवं शशि भूषण की मौत हो गई। श्री चौधरी ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किया जा रहे हैं। फैक्ट्री में कौन-कौन लोग काम कर रहा था और यहां क्या काम हो रहा था यह सारी जानकारी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि मुख्य द्वार को बंद करके अंदर चोरी छुपे काम होता था। यह फैक्ट्री रेडीमेड वस्त्रों के लिए पंजीकृत थी, लेकिन इसमें पटाखे बनाये जाते थे। सुबह करीब 10 बजे से रात को 10 बजे तक इसमें काम होता था। यह फैक्ट्री का मूल मलिक राजेंद्र कुमार है उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है उसके पते की पुष्टि कर ली गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित