भागलपुर, मार्च 03 -- बिहार में भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र में एक सार्वजनिक स्थल पर पूर्व विधायक गोपाल मंडल के आग्नेयास्त्र का प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने उनके विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज की है।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने मंगलवार को यहां बताया कि बरारी थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात को जिले के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गोपाल मंडल द्वारा होलिका दहन के मौके पर सार्वजनिक स्थल पर पिस्तौल लेकर घूमने का एक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हुआ था।उन्होंने बताया कि उक्त वीडियो की प्रारंभिक जांच के दौरान यह प्रतीत हुआ है कि पूर्व विधायक द्वारा सार्वजनिक रुप से आग्नेयास्त्र का प्रदर्शन किया गया है। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए बरारी थाने में पूर्व विधायक गोपाल मंडल के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में विधिवत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
श्री यादव ने ने बताया कि पूर्व विधायक के संबंधित आग्नेयास्त्र के जब्तीकरण, लाइसेंस की वैधता की जांच और अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुपालन के लिये जिला शस्त्र दंडाधिकारी को औपचारिक प्रतिवेदन भेजा गया है। पुलिस इस मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच प्रतिवेदन आने के बाद पूर्व विधायक पर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा। जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने और कानून के शासन को सुरक्षित करने के लिये सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित