दरभंगा , जुलाई 20 -- बिहार के दरभंगा जिले में टीबी भारत मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय पोषण किट (फूड बास्केट) वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने चिन्हित टीबी मरीजों के बीच पोषण किट वितरित करते हुए कहा कि जिले की 54 पंचायतों को आगामी 15 अगस्त तक टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए जिले में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फूड बास्केट वितरित किए जा रहे हैं, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और उपचार अधिक प्रभावी हो सके।उन्होंने बताया कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से उपलब्ध कराए गए 100 फूड बास्केट का वितरण कार्यक्रम में किया गया। साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और बैंकों के सहयोग से आगे भी अधिक संख्या में पोषण किट उपलब्ध कराकर जरूरतमंद टीबी मरीजों के बीच वितरित किए जाएंगे।
कौशल कुमार ने बताया कि जिले में टीबी की शीघ्र पहचान के लिए व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब दो लाख लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसके आधार पर लगभग 13 हजार टीबी मरीजों की पहचान की गई है। सभी चिन्हित मरीजों को नियमित दवा और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले की 54 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से अभियान चला रहे हैं और 15 अगस्त तक इन पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार की निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को मिलने वाली पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 5,400 मरीजों के खातों में राशि हस्तांतरित की जा चुकी है, जबकि शेष पात्र मरीजों के खातों में भी शीघ्र राशि भेजने की प्रक्रिया जारी है।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, डीपीएम (स्वास्थ्य) प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के चिकित्सक एवं प्रतिनिधियों सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित