पटना , जून 21 -- बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आज आयोजित की गई। इस वर्चुअल बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यक्रम टोली, जिला प्रशिक्षण वर्ग टोली, जिला आपातकाल एवं काला दिवस टोली तथा जिला पदाधिकारियों सहित लगभग 700 कार्यकर्ता जुड़े।

इस बैठक में कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक प्रदीप वर्मा का भी मार्गदर्शन मिला।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आगामी दिनों में संगठन के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं, जिनका सफल एवं प्रभावी संचालन भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जिला एवं मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्यक्रम को पूर्ण अनुशासन, गंभीरता और व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न कराया जाए।उन्होंने बताया कि 23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर राज्य के सभी बूथों पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 25 जून को लोकतंत्र पर लगाए गए आपातकाल की स्मृति में जिला एवं मंडल मुख्यालयों पर काला दिवस मनाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' का प्रत्येक बूथ पर सामूहिक श्रवण सुनिश्चित किया जाएगा तथा इसकी रिपोर्ट सरल एप पर अपलोड की जाएगी। इसके अतिरिक्त 23 जून से 7 जुलाई तक सरल एप के माध्यम से डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें मंडल स्तर के सभी मोर्चा पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों एवं बूथ टोली के सदस्यों को प्रशिक्षित कर प्रमाण-पत्र प्राप्त कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने सभी संगठनात्मक इकाइयों से आह्वान किया कि निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर सभी कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक आयोजन की सूचना, छायाचित्र एवं प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराकर संगठनात्मक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित