लखनऊ , अगस्त 24 -- इंडियन डेमोक्रेटिक एलायंस के तत्वावधान में सोमवार को गांधी भवन प्रेक्षागृह में राजनीतिक चिंतन सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में एलायंस में शामिल दो दर्जन से अधिक राजनीतिक दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की।

सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रो. रामबख्श सिंह वर्मा ने की, जबकि संचालन एलायंस के संयोजक एवं राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के संस्थापक साहब सिंह धनगर ने किया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पालगौतम ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं। उनके प्रयासों से बेरोजगारी, आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में आए हैं।

श्री गौतम ने कहा कि राहुल गांधी का उद्देश्य देश में सामाजिक न्याय स्थापित करना है। उन्होंने इंडियन डेमोक्रेटिक एलायंस के नेताओं को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप सामाजिक न्याय को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के हित में भी समुचित नीतियां बनाई जाएंगी।

उन्होंने बिना शर्त समर्थन की घोषणा के लिए एलायंस में शामिल सभी दलों के प्रमुखों का आभार जताते हुए कहा कि इससे कांग्रेस को सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने में मजबूती मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पदाधिकारी और विशेष आमंत्रित सदस्य भी सम्मेलन में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित