अमरोहा, सितंबर 20 -- कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा निशाना साधा है। पार्टी का दावा है कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को "आटे-दाल का भाव" बता देगी।
जिला कांग्रेस कमेटी की रविवार को नगर स्थित अंबेडकर धर्मशाला में हुई बैठक में संगठन सृजन अभियान और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा डॉ. मेराज हुसैन को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रवक्ता बनाए जाने पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर अमरोहा में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन में कांग्रेस को हिस्सेदारी देने और स्थानीय निष्ठावान कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. मेराज हुसैन ने कहा कि देश और संविधान सर्वोपरि हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जा रही है और संगठन को मजबूत करना इसकी प्राथमिकता है। डॉ. हुसैन ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम लोगों को सरकारी कामकाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और किसान, मजदूर, व्यापारी तथा युवा वर्ग परेशान है। उन्होंने किसानों को फसल का उचित मूल्य, युवाओं को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता का मुद्दा भी उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित