रायपुर , फरवरी 22 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार के आगामी बजट को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आने वाला राज्य बजट जनता की आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतरेगा और केंद्रीय बजट की तरह यह भी महज आंकड़ों का मायाजाल साबित होगा। श्री बैज ने कहा कि यह बजट वास्तविकता से कोसों दूर और पूरी तरह खोखला होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के पिछले दो साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए आज कहा कि सरकार न तो मोदी की गारंटी पूरी कर पाई और न ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर ध्यान दे पाई। उन्होंने विगत बजट का हवाला देते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल और कृषि जैसे अहम विभागों के लिए 65 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया था, लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण महज 55 हजार करोड़ रुपए ही खर्च हो सके। इसका मतलब है कि 10 हजार करोड़ रुपए की राशि जनहित के कार्यों पर खर्च ही नहीं की गई। बैज ने कहा कि इससे साफ है कि सरकार को जनसरोकारों से कोई लेना-देना नहीं है और उनके लिए बजट महज एक कागजी आंकड़ा बनकर रह गया है।
दीपक बैज ने सरकार की नीतियों को 'कर्ज लो और घी पियो' वाली करार दिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता को राहत देने वाली योजनाओं को बंद किया गया, वहीं दूसरी तरफ जनता पर कर का बोझ बढ़ा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास लोगों की आय बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। बैज ने कहा कि सरकार हर महीने जिस तेजी से कर्ज ले रही है, उससे प्रदेश में जन्म लेने वाला हर नवजात 65 हजार रुपए का कर्जदार बनकर पैदा हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित