आगर-मालवा , मई 5 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में बड़ौद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 4 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि डग-बड़ौद रोड पर खंदवास जोड़ के पास एक ट्रक में डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 850 ग्लूकोज कार्टूनों के बीच छिपाकर रखी गई 20 प्लास्टिक बोरियों में कुल 4 क्विंटल 3 किलो 353 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ और ट्रक सहित कुल मशरूका की कीमत करीब 45 लाख 57 हजार रुपये आंकी गई है।

मौके से ट्रक चालक कमल (27) निवासी इन्द्री, जिला करनाल (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने डोडाचूरा उज्जैन जिले के हरिराम बगानिया से लेना बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित