आगर-मालवा , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश में आगर-मालवा जिला मुख्यालय पर कारों में बंदूकें लहराकर हुड़दंग मचाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आगर-मालवा कोतवाली पुलिस ने तीन बंदूकें जब्त कीं, जबकि यातायात विभाग ने तीन कारें क्रमांक एमपी-09-डीक्यू-7715, एमपी-70-झेडडी-4926 तथा एमपी-09-डीटी-0824 को जब्त कर एमव्ही एक्ट की विभिन्न धाराओं में चालानी कार्रवाई की। कुल 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर धारा 4/181, खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर धारा 184 और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर धारा 51/177 के तहत कार्रवाई की गई। संबंधित नाबालिग चालकों को उनके पालकों के साथ बुलाकर समझाइश दी गई और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की हिदायत दी गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों को कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी भी सूरत में नहीं दी जाएगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निजी स्कूल प्रशासन की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है। कलेक्टर प्रीति यादव एवं जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि बच्चों को अनुशासन और कानून के प्रति जिम्मेदारी सिखाने में कहां चूक हुई।

गौरतलब है कि रविवार को एक निजी स्कूल में अध्ययनरत बच्चों ने कारों का काफिला बनाकर शहर की मुख्य सड़कों पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान कारों की खिड़कियों से बाहर झुककर बच्चे बंदूकें लहराते, शोर-शराबा करते और दहशत का माहौल बना रहे थे। बड़ौद रोड चौराहा और मास्टर कॉलोनी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित