आगर-मालवा , जनवरी 28 -- मध्यप्रदेश में आगर-मालवा जिला न्यायालय परिसर में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेशी पर आए दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले, जिससे कुछ देर के लिए न्यायालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भादवा निवासी बहादुर (32) और गोविंद सिंह (35), दोनों पिता बनेसिंह राजपूत का राजेंद्र सिंह (35) और ईश्वर सिंह (55) के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इसी मामले में दोनों पक्ष पेशी के लिए न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात पर विवाद हुआ, जो गाली-गलौज के बाद हाथापाई में बदल गया।

मारपीट की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। कुछ अधिवक्ताओं ने भी स्थिति को शांत कराने में सहयोग किया। इसके बाद कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अतिरिक्त बल की सहायता से दोनों पक्षों को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने मारपीट में शामिल लोगों को कोतवाली थाना ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित