आगर-मालवा , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय के खिरनी तकिया क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चांदी गलाने की फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 1500 लीटर रसायन जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से केमिकल गैस की तेज दुर्गंध फैलने की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें एक मकान के भीतर अवैध रूप से चांदी गलाने और रिफाइनिंग का कार्य संचालित होना सामने आया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 1500 लीटर रसायन जब्त किए, जिनमें नाइट्रिक एसिड, सल्फ्यूरिक एसिड, हाइड्रोक्लोरिक एसिड सहित अन्य केमिकल शामिल हैं। इनका उपयोग चांदी को गलाने और शुद्ध करने में किया जा रहा था। मौके से आबिद और उसके पिता मौजूद्दीन, दोनों निवासी खिरनी तकिया को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति खतरनाक रसायनों का उपयोग कर इस प्रकार की फैक्ट्री चलाना कानूनन अपराध है और इससे आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित