लखनऊ , फरवरी 15 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी की सरकार ने विश्वस्तरीय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाकर देश को विकास का एक स्पष्ट विजन दिया था, जिस पर आज पूरे देश में एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं।
पार्टी के प्रदेश दफ्तर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने करीब दस साल पहले इस एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग कराकर ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया, जो रक्षा और सेना के काम भी आ सके। उन्होंने दावा किया कि यह देश का पहला एक्सप्रेस-वे है, जहां टोल प्लाजा मुख्य सड़क पर नहीं, बल्कि नीचे उतरने के बाद बनाया गया और अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण भी उसी मॉडल को अपना रहा है।
श्री यादव ने कहा कि एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां विकसित करने की भी योजना थी, जिससे किसानों और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती, लेकिन भाजपा सरकार ने इन योजनाओं को आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के कार्यों की नकल तो कर रही है, लेकिन किसानों और आम जनता के हितों की उपेक्षा कर रही है।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली ही नहीं, उत्तर प्रदेश में भी हवा खराब है और हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि 2017 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर की गई थी। इसी तरह किसान आंदोलन के दौरान तीन कृषि कानून किसानों की मौतों से नहीं, बल्कि 2022 में समाजवादियों के निरंतर आंदोलन के दबाव में वापस हुए।
उन्होंने कहा कि पूज्य शंकराचार्य का अपमान किया जा रहा है और समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के प्रति जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, ओवरलोडिंग, मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध बढ़े हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार वोटर लिस्ट में हेराफेरी कर रही है और इसी वजह से पंचायत चुनाव टाले गए हैं। उन्होंने जातीय जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि आबादी के अनुपात में सभी को हक और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए के साथ मिलकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए आगे बढ़ेगी और भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का मुकाबला करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित