आगरा , मार्च 12 -- ताज नगरी आगरा के किरावली क्षेत्र में गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा किरावली थाना क्षेत्र के दक्षिणी बाईपास पर उस समय हुआ, जब एक मैक्स वाहन को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार कई लोग वाहन के नीचे दब गए।

उन्होने बताया कि मैक्स में सवार सभी लोग एक नामकरण समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में साहब सिंह (50) और हरीश चंद्र (45) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में घायल 24 लोगों में से कुछ को एस.एन. मेडिकल कॉलेज आगरा में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित