अगरा , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एयरफोर्स क्षेत्र के पास वायुयान की आकृति वाला एक गुब्बारा उड़ता हुआ मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा हुआ था, जबकि उस पर उर्दू में भी कुछ शब्द अंकित थे। इस मामले में एयरफोर्स की शिकायत पर थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार 12 फरवरी को एयरफोर्स के तकनीकी क्षेत्र की एक इमारत के पास वायुयान जैसी आकृति वाला बड़ा गुब्बारा दिखाई दिया। तत्काल कार्रवाई करते हुए गुब्बारे को कब्जे में ले लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और एयरफोर्स अधिकारियों के साथ मिलकर गुब्बारे की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान गुब्बारे में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद गुब्बारे पर विदेशी एयरलाइन का नाम और उर्दू भाषा में लिखे शब्द पाए जाने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं।
पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि यह गुब्बारा एयरफोर्स परिसर के निकट कैसे पहुंचा, इसके पीछे क्या उद्देश्य था और इसे किसने भेजा। थाना शाहगंज में मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित