मुंबई/लखनऊ , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ऐतिहासिक कोठी मीना बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।
उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा दक्षिण से विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुंबई स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर स्मारक निर्माण में महाराष्ट्र सरकार के सहयोग का आग्रह किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
बैठक में योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि इतिहासकार प्रो. सुगम आनन्द तथा स्वर्गीय डॉ. अमि आधार निडर के शोध के अनुसार मुगल सम्राट औरंगजेब ने छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके पुत्र को जिस कोठी में नजरबंद रखा था, वह वर्तमान में आगरा की कोठी मीना बाजार के नाम से जानी जाती है। इसी स्थान से शिवाजी महाराज ने अपनी अद्वितीय रणनीति और साहस का परिचय देते हुए ऐतिहासिक रूप से मुगल पहरे से निकलने में सफलता प्राप्त की थी।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक स्थल पर शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। योगी सरकार द्वारा कोठी के अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसके पूरा होते ही स्मारक निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
श्री उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार मिलकर ऐसा स्मारक विकसित करेंगी, जो भारतीय शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बने। उन्होंने कहा कि भविष्य में आगरा आने वाले पर्यटक ताजमहल के साथ-साथ शिवाजी महाराज के इस स्मारक का भी दर्शन कर सकेंगे, जिससे नई पीढ़ी को भारत के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने में मदद मिलेगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस पहल की सराहना करते हुए स्मारक निर्माण में महाराष्ट्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। बैठक के दौरान महाराष्ट्र के नेता सुनील कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले योगेन्द्र उपाध्याय ने महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार से भी इस प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित