आगरा , मार्च 09 -- आगरा में सोमवार को थाना सैंया क्षेत्र में छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस के अनुसार थाना सैंया क्षेत्र निवासी देवेंद्र एक कोल्ड स्टोरेज में काम करते हैं। एक मार्च की रात वह काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी चलती बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से देवेंद्र बाइक समेत गिर पड़े, जिसके बाद बदमाशों ने असलाह के बल पर उनकी बाइक और नकदी छीन ली और फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान इस घटना में पांच बदमाशों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों राहुल, कोमल, विकास और सुंदर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पांचवां आरोपी शिवम अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पीड़ित देवेंद्र की छीनी गई बाइक, छह मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित