आगरा , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के दीवानी परिसर में मंगलवार को बम होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई, जिसके चलते न्यायिक कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एसएसएफ की टीमों ने पूरे दीवानी परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

जानकारी के अनुसार किसी आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम होने की सूचना भेजी गई थी। इसके बाद कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। खुफिया विभाग के अधिकारी भी परिसर पहुंच गए। एहतियातन दीवानी परिसर के तीनों गेट बंद कर दिए गए और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। धीरे-धीरे परिसर को खाली कराया गया तथा अंदर खड़े वाहनों की जांच के साथ कई लोगों की तलाशी भी ली गई। अदालत कक्षों में भी व्यापक जांच की गई।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सर्विलांस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि बम संबंधी ईमेल कहां से भेजा गया।

उल्लेखनीय है कि करीब 14 माह पूर्व भी ताजमहल में बम होने की सूचना ईमेल के माध्यम से दी गई थी। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित