फिरोजाबाद , अक्टूबर 23 -- आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को जिले में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक स्नातक वर्ग में 50.40 प्रतिशत और शिक्षक वर्ग में 66.02 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी रही।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने सदर तहसील और सदर ब्लॉक में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने बूथ संख्या 50, 51, 52, 53, 54, 55 और 31 पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया देखी। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

डीएम ने कहा कि जिले में मतदान शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुआ। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। सदर तहसील में स्नातक वर्ग के सबसे अधिक 4423 मतदाता हैं।

मतदान समाप्त होने के बाद मतदान पार्टियों से मतपेटियां, सांविधिक-असांविधिक लिफाफे और अन्य निर्वाचन सामग्री प्राप्त की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल ने बताया कि सामग्री की जांच के बाद बूथवार बंडल तैयार कर उन्हें सुरक्षित रखा जाएगा। सीलबंद मतपेटियों की जांच कर स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया जाएगा।

इसके लिए डिप्टी कलेक्टर धर्मवीर भारती और शालिनी देवी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी सावधानी के साथ सामग्री सुरक्षित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित