आगरा , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ताजनगरी आगरा को बड़ी विकास सौगात दी। आगरा इनर रिंग रोड के पास रहनकलां में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 6466.37 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस दौरान उन्होंने 'ग्रेटर आगरा' टाउनशिप का भूमिपूजन करते हुए शहर के शहरी विस्तार को नई दिशा देने का रोडमैप पेश किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'ग्रेटर आगरा' केवल एक स्मार्ट सिटी नहीं बल्कि सुरक्षित, आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर होगा। उन्होंने इसे भविष्य में नोएडा की तर्ज पर विकसित किए जाने की बात कही, जहां बड़ी कंपनियों के आने से रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार की 'नए शहर प्रोत्साहन योजना' के तहत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से 449.65 हेक्टेयर क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी टाउनशिप का विकास किया जाएगा। इस परियोजना के सेक्टरों का नामकरण गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी समेत 10 पवित्र नदियों के नाम पर होगा। यहां 10 हजार से अधिक परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी फ्लैट्स, ग्रुप हाउसिंग, प्लॉट, चौड़ी सड़कें, सीवरेज सिस्टम, हरित क्षेत्र और आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना को रेरा से मंजूरी मिल चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मौसम खराब होने का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें मथुरा-वृंदावन मार्ग से लौटना पड़ा और वह आगरा एयरपोर्ट पर कुछ समय तक रुके रहे। देरी के बावजूद बड़ी संख्या में मौजूद जनता के उत्साह को देखकर उन्होंने आभार जताया। 325 परियोजनाओं में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, आवास, पर्यटन और कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगरा एयरपोर्ट के विकास को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और इस वर्ष के अंत तक नया सिविल टर्मिनल तैयार करने का लक्ष्य है। साथ ही फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के विकास और रबर डैम निर्माण की योजना पर भी काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि जहां दुनिया के कई देश महंगाई और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, वहीं नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

योगी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 हटाना जैसे ऐतिहासिक फैसलों से आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार हुआ है। उन्होंने प्रदेश में माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि अब कानून का राज स्थापित हुआ है। साथ ही अयोध्या, मथुरा और संभल जैसे धार्मिक स्थलों के सांस्कृतिक गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही आगरा में छत्रपति शिवाजी स्मारक, म्यूजियम और मेट्रो के दूसरे फेज के उद्घाटन के लिए पुनः आएंगे। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित