आगरमालवा , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले से गुजरने वाले उज्जैन-गरोठ फोरलेन मार्ग पर ग्राम साबनी के पास आज एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें उज्जैन रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार कार क्रमांक एमपी-13-सीए-3269 में सवार दीपक राठौर (48), उनकी पत्नी ललिता (38), जगदीश (60), उनकी पत्नी मनोरमा (52), प्रज्ञा (32) तथा 13 और नौ वर्ष के दो बच्चे, सभी जिला उज्जैन के ग्राम कायथा के निवासी हैं। वे उज्जैन से गरोठ जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम साबनी के पास कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए बड़ौद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए उज्जैन रेफर कर दिया गया। हादसे में जगदीश की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित