आगरमालवा , जुलाई 2 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में प्रत्येक आपराधिक प्रकरण की जांच अब ई-विवेचना प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी) ने जिला पुलिस को 153 टैबलेट उपलब्ध कराए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के विवेचकों को टैबलेट वितरित किए। यह पहल सीसीटीएनएस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक तकनीक आधारित अनुसंधान प्रणाली को सुदृढ़ बनाने और भारतीय न्याय संहिता के अनुरूप समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

श्री सोनी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग आवश्यक है। ई-विवेचना प्रणाली से अनुसंधान की गुणवत्ता, पारदर्शिता और गति में सुधार होगा तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट, गिरफ्तारी पत्रक, जप्ती पत्रक, बयान, केस डायरी और अंतिम प्रतिवेदन (चालान) सहित संपूर्ण अनुसंधान प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपादित की जाएगी। इससे दस्तावेजों के संधारण में पारदर्शिता आएगी, समय की बचत होगी और न्यायालयीन प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं सुगम बनेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित