श्रीगंगानगर , मई 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर धान मंडी में बारदाना (बोरियों) की भारी कमी के कारण गेहूं की खरीद और तुलाई करीब 15 दिनों से पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।
इससे आक्रोशित किसान गुरुवार को सादुलशहर में उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे और वहां किसानों ने एक पूरी ट्रॉली गेहूं की फसल कार्यालय में अंदर बिखेर दी। इस दौरान उन्होंने जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह खालसा ने बताया कि सादुलशहर में कृषि उपज मंडी समिति प्रशासन बारदानों की कमी का हवाला देकर लगातार तुलाई करने से इन्कार कर रहा है। न तो सरकारी दर पर समय पर खरीद हो रही है और न ही किसानों को बोरियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, लेकिन बिना बारदाने के उनका माल नहीं बिक पा रहा। पैसे नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट में फंस गये हैं। कई किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर फसल लेकर दिन-रात मंडी में पड़े हुए हैं।
किसानों के इस तीखे विरोध को देखते हुए मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। उन्होंने किसानों को तुरंत मंडी में गेहूं की तुलाई शुरू करने और बारदानों की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद किसान शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित