बैतूल , जून 24 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चांगा में आकाशीय बिजली गिरने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार दोपहर ग्राम चांगा निवासी रूपेश चौरे के यहां कुछ श्रमिक कृषि कार्य कर रहे थे। दोपहर में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ गरज-चमक तथा बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए श्रमिक पास के एक मकान की छत के नीचे चले गए।

बताया गया है कि बारिश शुरू होने से पहले श्रमिकों ने अपने कपड़े समीप स्थित एक जामुन के पेड़ पर टांग दिए थे। बारिश तेज होने पर दो श्रमिक कपड़े उतारने के लिए पेड़ के पास पहुंचे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों श्रमिक आ गए।

घटना में दशरथ काकोडिया (45) निवासी ग्राम चांगा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि श्रीराम बारस्कर (32) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर रानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित