रायपुर , अक्टूबर 10 -- छत्तीसगढ़ के आकाशवाणी रायपुर में समाचार संपादक एवं भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी विकल्प रंजन शुक्ल शनिवार को आकस्मिक निधन होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय तथा पार्टी के प्रदेश मीडिया विभाग ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सांसद पाण्डेय ने आज अपने शोक संदेश में कहा कि विकल्प रंजन शुक्ल का असामयिक निधन प्रदेश के पत्रकारिता, साहित्य और प्रसारण जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि शुक्ल ने एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी और अनुभवी पत्रकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की थी। सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी शुक्ल ने आकाशवाणी के माध्यम से आम जनता तक निष्पक्ष और विश्वसनीय सूचनाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि शुक्ल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला है। पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित